स्वच्छ ऊर्जा लक्ष्यों की प्राप्ति में केंद्रीय भूमिका निभाएगी SECI: श्रीपाद येसो नाइक
सोलर एनर्जी कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया (SECI) ने अपना 15वां स्थापना दिवस मनाया, जहां केंद्रीय मंत्री ने नवीकरणीय ऊर्जा क्षेत्र में भारत के नेतृत्व और SECI के योगदान की सराहना की।

सोलर एनर्जी कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (SECI) ने हितधारकों के साथ बैठक आयोजित कर अपना 15वां स्थापना दिवस मनाया। इस अवसर पर केंद्रीय नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा एवं विद्युत राज्य मंत्री श्री श्रीपाद येसो नाइक ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। श्री नाइक ने कहा कि SECI की 15 वर्षों की यात्रा वैश्विक नवीकरणीय ऊर्जा क्षेत्र में भारत के बढ़ते नेतृत्व का प्रतीक है। उन्होंने विश्वास जताया कि निगम देश के स्वच्छ ऊर्जा विजन को साकार करने में अपनी केंद्रीय भूमिका निभाता रहेगा।
इस कार्यक्रम में सीईए के अध्यक्ष श्री घनश्याम प्रसाद, नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय के अपर सचिव श्री मयंक तिवारी और आईएनओएक्सजीएफएल समूह के अध्यक्ष श्री विवेक जैन सहित नवीकरणीय ऊर्जा क्षेत्र के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे। SECI के प्रबंध निदेशक श्री आकाश त्रिपाठी ने अपने संबोधन में कहा कि निगम नवीकरणीय ऊर्जा क्षेत्र में नए अवसर प्रदान करने और बाजार की जरूरतों के अनुसार नवाचारों को आगे बढ़ाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
स्थापना दिवस के दौरान दो विशेष विषयगत सत्र आयोजित किए गए। पहले सत्र, "हरित अणुओं के माध्यम से उद्योग की पुनर्कल्पना", में हरित हाइड्रोजन और इसके व्युत्पन्न पदार्थों के जरिए कार्बन उत्सर्जन कम करने और औद्योगिक विकास के रास्तों पर चर्चा हुई। इसमें घरेलू उत्पादन, बुनियादी ढांचे, प्रौद्योगिकी और वित्तपोषण जैसे विषयों पर नीति निर्माताओं और उद्योगपतियों ने विचार साझा किए। दूसरे सत्र, "बदलते ऊर्जा परिदृश्य: वितरित नवीकरणीय ऊर्जा और नए ऊर्जा बाजार", में वितरित ऊर्जा संसाधनों के एकीकरण, उपभोक्ताओं की भागीदारी और आवश्यक नियामक ढांचे का विश्लेषण किया गया।
SECI ने अपनी 15 वर्षों की सेवा में महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल की हैं। कंपनी ने तृतीय-पक्ष डेवलपर्स की मदद से 41 गीगावाट से अधिक नवीकरणीय ऊर्जा उत्पादन क्षमता स्थापित की है। इसके साथ ही, विभिन्न डिस्कॉम और उपभोक्ताओं के साथ 67 गीगावाट से अधिक के बिजली बिक्री समझौते किए हैं और लगभग 3.6 लाख करोड़ रुपए का बाजार निवेश सक्षम किया है। वर्तमान में कंपनी ऊर्जा भंडारण, हरित हाइड्रोजन और अपने स्वयं के प्रोजेक्ट पोर्टफोलियो के विस्तार पर सक्रियता से काम कर रही है।
20 सितंबर, 2011 को स्थापित SECI, नवीन और नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय के अधीन एक नवरत्न सीपीएसई (CPSE) है। इसकी शुरुआत राष्ट्रीय सौर मिशन की समर्पित कार्यान्वयन एजेंसी के रूप में हुई थी, जो अब एक अग्रणी नवीकरणीय ऊर्जा सीपीएसई बन चुकी है।


