औषधि विभाग ने सरकारी कामकाज में हिंदी को बढ़ावा देने के लिए मनाया 'हिंदी प्रयोग-प्रोत्साहन पखवाड़ा'
औषधि विभाग द्वारा राजभाषा हिंदी के प्रभावी प्रयोग और सरकारी कार्यों में इसके उपयोग को प्रोत्साहित करने के लिए 14 से 29 सितंबर, 2026 तक पखवाड़े का आयोजन किया गया।

राजभाषा हिंदी के प्रभावी प्रयोग को प्रोत्साहित करने और सरकारी कामकाज में इसके उपयोग को बढ़ावा देने के उद्देश्य से औषधि विभाग में 14 सितंबर से 29 सितंबर, 2026 तक 'हिंदी प्रयोग-प्रोत्साहन पखवाड़े' का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य लक्ष्य राजभाषा नीति का सुचारु अनुपालन सुनिश्चित करना और विभाग के सभी नियमित एवं संविदात्मक अधिकारियों तथा कर्मचारियों के बीच हिंदी के प्रयोग के प्रति रुचि और सहभागिता बढ़ाना था।
पखवाड़े के दौरान विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिससे प्रतिभागियों को अपनी अभिव्यक्ति, रचनात्मकता, लेखन क्षमता और भाषा-कौशल प्रदर्शित करने का अवसर मिला। इन प्रतियोगिताओं में हिंदी निबंध, हिंदी श्रुतलेखन, हिंदी टिप्पणी एवं प्रारूप लेखन, हिंदी अनुवाद, हिंदी सामान्य ज्ञान, हिंदी वाद-विवाद और हिंदी कविता पाठ शामिल थे।
कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित वाद-विवाद प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने पर्यावरण संरक्षण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर अपने विचार साझा किए, वहीं कविता पाठ के माध्यम से अपनी काव्य प्रतिभा का प्रदर्शन किया। विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने इन गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग लिया, जो राजभाषा हिंदी के प्रयोग को प्रोत्साहित करने की दिशा में विभाग की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
