देश में 9 से 15 अक्टूबर तक मनाया जाएगा राष्ट्रीय डाक सप्ताह 2026
डाक विभाग 9 अक्टूबर को विश्व डाक दिवस के साथ राष्ट्रीय डाक सप्ताह का शुभारंभ करेगा, जिसका उद्देश्य आधुनिक और नागरिक-केंद्रित डाक नेटवर्क को बढ़ावा देना है।

डाक विभाग (DoP) आगामी 9 अक्टूबर से 15 अक्टूबर तक 'राष्ट्रीय डाक सप्ताह 2026' मनाने जा रहा है। इस उत्सव की शुरुआत 9 अक्टूबर को 'विश्व डाक दिवस' के अवसर पर होगी। इस वर्ष विश्व डाक दिवस का मुख्य विषय 'विश्व डाक दिवस: एक डाक नेटवर्क, अनंत संभावनाएं' रखा गया है।
राष्ट्रीय डाक सप्ताह 2026 का प्राथमिक उद्देश्य डाक सेवाओं को अधिक सुविधाजनक, सुलभ और नागरिकों की बदलती जरूरतों के प्रति उत्तरदायी बनाने के लिए विभाग द्वारा किए जा रहे प्रयासों को प्रदर्शित करना है। इस दिशा में विभाग 'एन-जेन पोस्ट ऑफिस' और 'जन सेवा कनेक्ट पोस्ट ऑफिस' जैसी पहलों के माध्यम से आधुनिक और समावेशी सेवा केंद्रों का निर्माण कर रहा है। साथ ही, 'डाक सेवा ऐप' और 'डाक मित्र ऐप' जैसे डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए सेवाओं को और अधिक सुगम बनाया जा रहा है।
सप्ताह भर चलने वाले इस समारोह में प्रत्येक दिन एक विशेष थीम पर आधारित होगा:
- 9 अक्टूबर 2026 (शुक्रवार): विश्व डाक दिवस के साथ शुभारंभ, जो डाक नेटवर्क की चिरस्थायी भूमिका और सार्वभौमिक महत्व को उजागर करेगा। - 12 अक्टूबर 2026 (सोमवार): 'फन विद फिलैटेली डे' के रूप में मनाया जाएगा, जिसमें डाक टिकट संग्रह के सांस्कृतिक, शैक्षिक और ऐतिहासिक पहलुओं को बढ़ावा दिया जाएगा। - 13 अक्टूबर 2026 (मंगलवार): 'वित्तीय समावेशन और सीसीएस दिवस' मनाया जाएगा, जो विभिन्न भौगोलिक और सामाजिक-आर्थिक पृष्ठभूमि के लोगों तक वित्तीय सेवाओं की पहुंच पर केंद्रित होगा। - 14 अक्टूबर 2026 (बुधवार): 'डाक और पार्सल दिवस' के रूप में मनाया जाएगा, जिसमें विश्वसनीय और कुशल पार्सल सेवाओं की उपलब्धता पर ध्यान दिया जाएगा। - 15 अक्टूबर 2026 (गुरुवार): 'प्रौद्योगिकी और नवाचार दिवस' के साथ उत्सव का समापन होगा, जिसमें सेवा वितरण में सुधार के लिए अपनाए गए तकनीकी समाधानों को प्रदर्शित किया जाएगा।
यह आयोजन इंडिया पोस्ट की समृद्ध विरासत और आधुनिक, प्रौद्योगिकी-सक्षम नेटवर्क बनने की उसकी यात्रा को रेखांकित करेगा, ताकि नागरिकों को उत्कृष्ट और समावेशी सेवाएं प्रदान की जा सकें।



