पूर्वी दिल्ली में दिल्ली-सहारनपुर-देहरादून एक्सप्रेसवे पर बनेंगे फुट-ओवर ब्रिज, राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा ने रखी आधारशिला
पूर्वी दिल्ली के निवासियों की सुरक्षा और सुगम आवागमन के लिए दिल्ली-सहारनपुर-देहरादून एक्सप्रेसवे पर लिफ्ट सुविधाओं वाले फुट-ओवर ब्रिज बनाए जाएंगे।

कॉर्पोरेट कार्य और सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्य मंत्री तथा पूर्वी दिल्ली लोकसभा सांसद श्री हर्ष मल्होत्रा ने पूर्वी दिल्ली में दिल्ली-सहारनपुर-देहरादून एक्सप्रेसवे (एनएच-709बी) पर दो फुट-ओवर ब्रिज (एफओबी) की आधारशिला रखी। ये पुल गीता कॉलोनी/गांधी नगर (किमी 5+100) और रमेश पार्क, लक्ष्मी नगर (किमी 2+800) में बनाए जाएंगे।
इस अवसर पर गांधी नगर के विधायक और ट्रांस यमुना विकास बोर्ड के अध्यक्ष श्री अरविंदर सिंह लवली, लक्ष्मी नगर के विधायक और दिल्ली विधानसभा के मुख्य सचेतक श्री अभय वर्मा, तथा कृष्णा नगर के विधायक डॉ. अनिल गोयल सहित स्थानीय पार्षद और नागरिक उपस्थित थे।
राज्य मंत्री श्री मल्होत्रा ने बताया कि ये फुट-ओवर ब्रिज लिफ्ट सुविधाओं से लैस होंगे, जिससे वरिष्ठ नागरिकों, छात्रों, श्रमिकों और दिव्यांगजनों के लिए आवागमन आसान होगा। उन्होंने कहा कि एक्सप्रेसवे का दिल्ली खंड घनी आबादी वाले क्षेत्रों से गुजरता है, इसलिए पैदल यात्रियों के लिए सुरक्षित बुनियादी ढांचा आवश्यक है। इससे पैदल यात्रियों और वाहनों के बीच दुर्घटनाओं की आशंका कम होगी और यातायात निर्बाध रूप से चलता रहेगा।
इन दो पुलों के अलावा, भजनपुरा, गढ़ी मेंडू (किमी 10+800) के पास एक और फुट-ओवर ब्रिज को मंजूरी दी गई है। इन तीनों परियोजनाओं की कुल लागत 12.8 करोड़ रुपए होगी।
इसके साथ ही, श्री मल्होत्रा ने जानकारी दी कि दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे के एलिवेटेड हिस्से के नीचे पार्किंग सुविधाओं का निर्माण शुरू हो गया है और दिल्ली-सहारनपुर-देहरादून एक्सप्रेसवे के दिल्ली खंड के लिए सौंदर्यीकरण योजना पर काम चल रहा है। इस योजना के तहत इलेक्ट्रिक वाहन चार्जिंग और शौचालय जैसी सार्वजनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी, जिससे यातायात भीड़ कम होगी और जगह का बेहतर उपयोग हो सकेगा।
सतत विकास की दिशा में कदम उठाते हुए, एक्सप्रेसवे के एलिवेटेड हिस्से पर सौर पैनल भी लगाए जा रहे हैं। इस पहल का उद्देश्य नवीकरणीय ऊर्जा को बढ़ावा देना और 2070 तक नेट ज़ीरो के लक्ष्य के अनुरूप कार्बन उत्सर्जन को कम करना है।

