भारतीय नौसेना के जहाज सह्याद्री और कुलिश फिलीपींस के सुबिक खाड़ी पहुंचे, ADMM-प्लस JCA में लेंगे हिस्सा
भारतीय नौसेना के दो जहाज, सह्याद्री और कुलिश, आसियान रक्षा मंत्रियों की बैठक (ADMM)-प्लस संयुक्त सहयोग गतिविधि में भाग लेने के लिए फिलीपींस पहुंचे हैं।
भारतीय नौसेना की परिचालन तैनाती के तहत, नौसेना के जहाज सह्याद्री और कुलिश 20 सितंबर, 2026 को फिलीपींस के सुबिक खाड़ी पहुंचे। ये जहाज वहां आयोजित हो रही आसियान रक्षा मंत्रियों की बैठक (ADMM)-प्लस संयुक्त सहयोग गतिविधि (JCA) में हिस्सा लेंगे।
ADMM-प्लस JCA का मुख्य उद्देश्य आसियान सदस्य देशों और आठ प्लस देशों के सामुद्रिक बलों को एक साथ लाना है। इसके माध्यम से पेशेवर और परिचालन संबंधी गतिविधियों में भाग लेकर अंतरसंचालनीयता को बढ़ाना, पारस्परिक समझ विकसित करना और सामुद्रिक क्षेत्र में सहयोग को मजबूत करना तय किया गया है।
इस गतिविधि में भारतीय नौसेना की भागीदारी भारत सरकार की 'एक्ट ईस्ट पॉलिसी' और 'महासागर' (क्षेत्रों में सुरक्षा और विकास के लिए पारस्परिक और समग्र उन्नति) के दृष्टिकोण के अनुरूप है। यह क्षेत्रीय साझेदारों के साथ रचनात्मक जुड़ाव और बहुपक्षीय सामुद्रिक सहयोग के प्रति भारत की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
इस तैनाती से भारतीय नौसेना को भागीदार सामुद्रिक सेनाओं के साथ पेशेवर और परिचालन गतिविधियों के जरिए संवाद करने का अवसर मिलेगा, जिससे साझा सामुद्रिक चुनौतियों की बेहतर समझ विकसित होगी।
जहाजों का सुबिक खाड़ी पहुंचना भारत और फिलीपींस के बीच बढ़ते सामुद्रिक संबंधों का प्रमाण है। अगस्त 2025 में स्थापित भारत-फिलीपींस रणनीतिक साझेदारी और हालिया द्विपक्षीय सहयोग के आधार पर यह तैनाती दोनों देशों के बीच पेशेवर संबंधों को और अधिक मजबूत करने का अवसर प्रदान करती है।



