भारत और अर्जेंटीना सेना के संयुक्त पर्वतारोहण दल ने माउंट कामेट और अबी गामिन पर फहराया तिरंगा, सेना प्रमुख ने किया स्वागत
थल सेना अध्यक्ष जनरल धीरज सेठ ने नई दिल्ली में भारत-अर्जेंटीना सेना के उस संयुक्त अभियान दल का स्वागत किया, जिसने माउंट अबी गामिन और माउंट कामेट की सफल चढ़ाई पूरी की है।
थल सेना अध्यक्ष (सीओएएस) जनरल धीरज सेठ ने नई दिल्ली में संयुक्त भारत-अर्जेंटीना सेना पर्वतारोहण अभियान के सदस्यों का स्वागत किया। इस अभियान दल ने 17 सितंबर को माउंट अबी गामिन (7,355 मीटर) और 21 सितंबर 2026 को माउंट कामेट (7,756 मीटर) पर सफलतापूर्वक चढ़ाई पूरी की। गौरतलब है कि उत्तराखंड के चमोली जिले में स्थित माउंट कामेट, माउंट कंचनजंगा और माउंट नंदा देवी के बाद भारत की तीसरी सबसे ऊंची चोटी है।
लेफ्टिनेंट कर्नल चिराग चटर्जी के नेतृत्व में इस 35 सदस्यीय अभियान दल में भारतीय सेना के 25 और अर्जेंटीना सेना के 10 जवान शामिल थे। इस दल को 21 अगस्त 2026 को नई दिल्ली के मानेकशॉ सेंटर से रवाना (फ्लैग ऑफ) किया गया था। पर्वतारोहियों ने हिमालय की कठिन परिस्थितियों, जिसमें अत्यधिक ठंड, तेज हवाएं, बर्फ के इलाके, खड़ी चट्टानें और गहरी दरारें (क्रेवासेज) शामिल थीं, का सामना करते हुए दोनों चोटियों पर विजय प्राप्त की।
यह दोनों देशों की सेनाओं के बीच तीसरा संयुक्त पर्वतारोहण अभियान था। इससे पूर्व जनवरी 2025 में अर्जेंटीना के मेंडोज़ा में माउंट एकोनकागुआ (6,962 मीटर) और अगस्त 2025 में लद्दाख की सुरू घाटी में माउंट कुन (7,077 मीटर) पर दो सफल अभियान आयोजित किए जा चुके हैं। इन निरंतर अभियानों के माध्यम से भारतीय और अर्जेंटीना सेनाओं के बीच पेशेवर सहयोग, आपसी तालमेल (इंटोपरएबिलिटी), सौहार्द और विश्वास को मजबूती मिली है, साथ ही दुर्गम ऊंचाई वाले वातावरण में एक साथ काम करने का अनुभव भी प्राप्त हुआ है।



