मिजोरम सड़क हादसे में सूचना और प्रसारण मंत्रालय के तीन अधिकारियों की मौत, मंत्रालय ने जताया गहरा शोक
मिजोरम में आधिकारिक ड्यूटी के दौरान हुए एक सड़क हादसे में आईआईएस अधिकारियों सहित तीन सदस्यों की मृत्यु हो गई है।

सूचना और प्रसारण मंत्रालय ने मिजोरम में एक भीषण सड़क हादसे में जान गंवाने वाले अपने तीन सदस्यों के असामयिक निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। यह दुर्घटना 1 अक्टूबर 2026 को हुई, जब आधिकारिक ड्यूटी पर जा रहे अधिकारियों का वाहन एक गहरी खाई में गिर गया।
हादसे में जान गंवाने वाले अधिकारियों में डॉ. एंगम पामे (आईआईएस), जो प्रेस सूचना ब्यूरो (पीआईबी) और केंद्रीय संचार ब्यूरो (सीबीसी), इंफाल के अपर महानिदेशक थे; श्री नांपिबौ मारिनमई (आईआईएस), जो दूरदर्शन केंद्र और आकाशवाणी, आइजोल में निदेशक (समाचार) के पद पर कार्यरत थे; और श्री एच. लियानवेला (एमटीएस), केंद्रीय संचार ब्यूरो, फील्ड कार्यालय, आइजोल शामिल हैं।
58 वर्षीय डॉ. एंगम पामे ने वर्ष 1994 में भारतीय सूचना सेवा (आईआईएस) में प्रवेश किया था। उन्होंने दिल्ली, इंफाल, पुणे और शिलांग में विभिन्न पदों पर कार्य किया। मणिपुर के तामेंगलोंग जिले के ज़ेमे नागा समुदाय से ताल्लुक रखने वाले डॉ. पामे ने पूर्वोत्तर क्षेत्र में मीडिया और सरकारी विभागों के बीच समन्वय मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके परिवार में उनकी पत्नी अजुना पामे, एक पुत्र और एक पुत्री हैं।
श्री नांपिबौ मारिनमई भारतीय सूचना सेवा के अधिकारी थे और इंटर मीडिया पब्लिसिटी कोऑर्डिनेशन कमेटी (आईएमपीसीसी) के अध्यक्ष भी थे। उन्होंने पूर्व में रक्षा मंत्रालय में जनसंपर्क अधिकारी के रूप में कार्य किया था। उनके परिवार में उनकी पत्नी, एक पुत्र और एक पुत्री हैं।
श्री एच. लियानवेला वर्ष 1998 में सरकारी सेवा में शामिल हुए थे और उनकी आयु 52 वर्ष थी। उनके परिवार में उनकी पत्नी, एक पुत्री और एक पौत्र हैं।
इस दुर्घटना में केंद्रीय संचार ब्यूरो, फील्ड कार्यालय, आइजोल के चालक श्री गोजेंद्र डे भी घायल हुए हैं, जिनका अस्पताल में उपचार चल रहा है। मंत्रालय ने इस दुखद घड़ी में शोकाकुल परिवारों और सहकर्मियों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त की हैं और सरकार के प्रति उनकी समर्पित सेवा को याद किया है।


