पीएम मोदी ने सरकार प्रमुख के रूप में 25 वर्ष पूरे होने पर जापान की प्रधानमंत्री की शुभकामनाओं के लिए जताया आभार
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जापान की प्रधानमंत्री सनाए ताकाइची को उनकी शुभकामनाओं के लिए धन्यवाद दिया और भारत-जापान साझेदारी को और सशक्त करने पर जोर दिया।

प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने सरकार के प्रमुख के रूप में राष्ट्र की सेवा के 25 वर्ष पूरे करने पर जापान की प्रधानमंत्री सुश्री सनाए ताकाइची द्वारा दी गई शुभकामनाओं के लिए उनका आभार व्यक्त किया है।
प्रधानमंत्री ने इस वर्ष जुलाई में सुश्री ताकाइची की भारत यात्रा को याद करते हुए इसे एक अविस्मरणीय अवसर बताया। उन्होंने कहा कि इस यात्रा ने भारत और जापान के बीच की साझेदारी को और अधिक सशक्त बनाया है। प्रधानमंत्री ने दोहराया कि दोनों देश अपनी पुरानी मित्रता को आगे बढ़ाते हुए वैश्विक शांति, स्थिरता और समृद्धि के लिए मिलकर काम करना जारी रखेंगे।
प्रधानमंत्री मोदी ने विश्वास जताया कि भारत और जापान के बीच राजनयिक संबंधों की 75वीं वर्षगांठ द्विपक्षीय रिश्तों को नई ऊंचाइयों पर ले जाने का एक महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करेगी।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर अपनी प्रतिक्रिया साझा करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने लिखा, "प्रधानमंत्री ताकाइची जी, आपका बहुत-बहुत धन्यवाद। इस वर्ष जुलाई में हुई आपकी भारत यात्रा मेरे लिए भी अविस्मरणीय रहेगी। इससे भारत-जापान की साझेदारी और सशक्त हुई है। दोनों देश अपनी पुरानी मित्रता को और आगे ले जाते हुए वैश्विक शांति, स्थिरता एवं समृद्धि के लिए साथ मिलकर प्रयास करते रहेंगे। मुझे विश्वास है कि हमारे राजनयिक संबंधों की 75वीं वर्षगांठ पर द्विपक्षीय रिश्तों को एक नई ऊंचाई मिलेगी।"
