भारत-बांग्लादेश सीमा पर डीआरआई की बड़ी कार्रवाई, 12.37 करोड़ रुपये का विदेशी सोना जब्त, 4 गिरफ्तार
राजस्व खुफिया निदेशालय (DRI) ने कूचबिहार जिले में एक गुप्त ऑपरेशन के जरिए 8.3 किलोग्राम विदेशी सोना बरामद किया है।

राजस्व खुफिया निदेशालय (DRI) ने संगठित सोने की तस्करी के खिलाफ जारी अपनी कार्रवाई के तहत भारत-बांग्लादेश सीमा पर एक महत्वपूर्ण ऑपरेशन चलाया है। इस कार्रवाई में अधिकारियों ने लगभग 8.3 किलोग्राम विदेशी सोना जब्त किया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 12.37 करोड़ रुपये बताई गई है। इस मामले में चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, DRI अधिकारियों ने कूचबिहार जिले में भारत-बांग्लादेश सीमा पर कड़ी निगरानी रखी थी। 05 अक्तूबर 2026 को चौधरीहाट सीमा से कूचबिहार की ओर जा रहे दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार संदिग्ध व्यक्तियों को रोका गया। तलाशी के दौरान उनके पास से सोने के बिस्कुट बरामद हुए। इनमें से दो व्यक्तियों ने विशेष रूप से तैयार किए गए कपड़े के कमर-बेल्ट में सोने को छिपा रखा था।
तलाशी के दौरान कुल 72 सोने के बिस्कुट बरामद किए गए, जिनमें से प्रत्येक का वजन 116 ग्राम था। सीमा शुल्क अधिनियम 1962 के संबंधित प्रावधानों के तहत इस विदेशी सोने को जब्त कर लिया गया और चारों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
DRI ने स्पष्ट किया है कि यह सफलता कूचबिहार जिले की सीमा पर लंबे समय से की जा रही चौकस निगरानी का परिणाम है। निदेशालय सीमा-पार तस्करी के नेटवर्क को समाप्त करने और इस अवैध कारोबार के पीछे सक्रिय बड़े सिंडिकेट का पता लगाने के लिए प्रतिबद्ध है। फिलहाल इस मामले में आगे की जांच जारी है।



