भारत सरकार शुरू करेगा 'विशेष अभियान 6', कौशल विकास और उद्यमशीलता मंत्रालय ने की तैयारियां
सरकारी कार्यालयों में स्वच्छता, लंबित मामलों के निपटारे और बेहतर रिकॉर्ड प्रबंधन के लिए 'विशेष अभियान 6' 2 अक्टूबर से 31 अक्टूबर 2026 तक चलाया जाएगा।

भारत सरकार ने 'विशेष अभियान 6' शुरू करने की घोषणा की है। यह अभियान 2 अक्टूबर से 31 अक्टूबर 2026 तक आयोजित किया जाएगा, जबकि इसकी तैयारी का चरण 15 से 30 सितंबर 2026 तक चलेगा। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य सरकारी कार्यालयों में स्वच्छता को एक नियमित आदत बनाना, लंबित मामलों का निपटारा करना, अभिलेखों (रिकॉर्ड्स) का कुशल प्रबंधन, ई-कचरा प्रबंधन और उपलब्ध स्थान का प्रभावी उपयोग कर कार्यस्थल के अनुभव को बेहतर बनाना है।
कौशल विकास और उद्यमशीलता मंत्रालय (MSDE) ने पिछले 'विशेष अभियान 5.0' में सक्रिय रूप से भाग लिया था। उस दौरान मंत्रालय ने अपने कार्यालयों और संस्थानों में स्वच्छता और लंबित मामलों के निपटारे पर विशेष जोर दिया, जिसके तहत 1,836 से अधिक स्वच्छता अभियान चलाए गए। मंत्रालय ने सांसदों के 3 मामलों, संसद में दिए गए 7 आश्वासनों, 307 लोक शिकायतों और उनसे जुड़ी 27 अपीलों का निपटारा किया।
अभिलेख प्रबंधन के तहत 1,250 फाइलों की समीक्षा कर 466 फाइलें हटाई गईं, जबकि 658 ई-फाइलों की समीक्षा के बाद 266 ई-फाइलें बंद की गईं। इन प्रयासों से कार्यालय की लगभग 4,000 वर्ग फुट जगह खाली हुई और कबाड़ के निपटारे से लगभग 7.58 लाख रुपये की आय हुई।
आगामी 'विशेष अभियान 6' के लिए MSDE ने प्रारंभिक गतिविधियां शुरू कर दी हैं। मंत्रालय अपने अधीनस्थ, स्वायत्त संगठनों और क्षेत्रीय संस्थानों के नोडल अधिकारियों के साथ समन्वय कर रहा है। नोडल अधिकारियों को 'ई-कचरा प्रबंधन नियम, 2022' के अनुसार ई-कचरे के निपटान और बेहतर अभिलेख प्रबंधन जैसी महत्वपूर्ण योजनाओं के प्रति जागरूक किया जा रहा है। मंत्रालय का लक्ष्य 'विशेष अभियान 5.0' की गति को बनाए रखते हुए स्वच्छता और कुशल प्रबंधन के लक्ष्यों में महत्वपूर्ण योगदान देना है।


