सफदरजंग मकबरे में केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल के नेतृत्व में स्वच्छता अभियान आयोजित
विशेष अभियान 6 और 'स्वच्छता ही सेवा 2026' के तहत विधि एवं न्याय मंत्रालय ने नई दिल्ली के सफदरजंग मकबरे में श्रमदान कार्यक्रम का आयोजन किया।

केंद्रीय विधि एवं न्याय राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री अर्जुन राम मेघवाल के नेतृत्व में 1 अक्टूबर 2026 को नई दिल्ली के ऐतिहासिक सफदरजंग मकबरे में श्रमदान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह पहल विशेष अभियान 6 और 'स्वच्छता ही सेवा (एसएचएस) 2026' के अंतर्गत विधि एवं न्याय मंत्रालय के विधि मामलों के विभाग और विधायी विभाग द्वारा की गई। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य स्वच्छता, नागरिक जिम्मेदारी और सामुदायिक भागीदारी को बढ़ावा देना तथा सतत पर्यावरण के प्रति जागरूकता पैदा करना था।
इस अभियान में विधि एवं विधान विभाग के सचिव डॉ. राजीव मणि, दोनों विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों और विधि विशेषज्ञों ने सक्रिय रूप से भाग लिया। साथ ही, दिल्ली उच्च न्यायालय के सहायक सरकारी वकील श्री चेतन शर्मा के नेतृत्व में भारत सरकार के पैनल वकीलों ने भी इस श्रमदान कार्यक्रम में अपनी भागीदारी दर्ज कराई।
इस अवसर पर श्री अर्जुन राम मेघवाल ने सामूहिक भागीदारी के महत्व पर जोर देते हुए सभी को स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि स्वस्थ और सतत पर्यावरण के लिए व्यक्तियों और संस्थानों के निरंतर प्रयास आवश्यक हैं। मंत्री जी ने 1 अक्टूबर को मनाए जाने वाले अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस का उल्लेख करते हुए कार्यक्रम में उपस्थित सबसे वरिष्ठ व्यक्ति, जो दिल्ली उच्च न्यायालय में भारत सरकार के पैनल अधिवक्ता हैं, को सम्मानित किया।
अभियान के दौरान श्री मेघवाल ने मंत्रालय के सफाई कर्मचारियों के योगदान की सराहना की और उन्हें स्वच्छता किट भेंट किए। यह कार्यक्रम सरकारी संगठनों और नागरिकों को एक साथ लाकर सार्वजनिक स्थानों के सुधार में योगदान देने के उद्देश्य से आयोजित किया गया था, जो पर्यावरण जागरूकता और जिम्मेदार संसाधन प्रबंधन के प्रति मंत्रालय की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।


