सोने की तस्करी पर डीआरआई की बड़ी कार्रवाई, 21 किलोग्राम विदेशी सोना जब्त, 5 गिरफ्तार
राजस्व आसूचना निदेशालय (DRI) ने देश भर में सात अभियानों के दौरान 61 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य का लगभग 21 किलोग्राम विदेशी सोना जब्त कर 5 लोगों को गिरफ्तार किया है।

राजस्व आसूचना निदेशालय (DRI) ने सोने की तस्करी के खिलाफ देशव्यापी अभियान चलाते हुए सात अलग-अलग ऑपरेशन्स में लगभग 21 किलोग्राम विदेशी मूल का सोना जब्त किया है। जब्त किए गए सोने की कुल कीमत 61 करोड़ रुपये से अधिक आंकी गई है। इस कार्रवाई के दौरान सीमा शुल्क अधिनियम, 1962 के प्रावधानों के तहत पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
एक महत्वपूर्ण कार्रवाई में, डीआरआई अधिकारियों ने पलवल टोल प्लाजा के पास दो नई थार गाड़ियों को रोका। जांच के दौरान पाया गया कि गाड़ियों के चेसिस में पिछले पहिये के ऊपर बहुत ही चतुराई से गुप्त जगह बनाई गई थी, जिसे कुशलतापूर्वक वेल्ड किया गया था। इस गुप्त स्थान से बार के रूप में 15.18 किलोग्राम सोना बरामद किया गया, जिसकी कीमत लगभग 23.30 करोड़ रुपये है। यह जब्ती 19 सितंबर 2026 को की गई और मौके से चार लोगों को गिरफ्तार किया गया। जांच में पता चला है कि यह सोना म्यांमार से तस्करी कर लाया गया था।
इससे पहले, 16 सितंबर 2026 को जेवर टोल प्लाजा पर एक अन्य अभियान चलाया गया। यहाँ गोरखपुर से दिल्ली जा रहे एक बस यात्री की तलाशी ली गई, जिसके विशेष रूप से डिजाइन किए गए सूती कमर बेल्ट से 5.8 किलोग्राम विदेशी सोना बरामद हुआ। इसमें 1 किलोग्राम की पांच सोने की छड़ें और लगभग 800 ग्राम कटे हुए टुकड़े शामिल थे। आरोपी को सीमा शुल्क अधिनियम, 1962 के तहत गिरफ्तार किया गया। प्रारंभिक जांच के अनुसार, यह सोना उसे काठमांडू में दिया गया था और भारत-नेपाल सीमा के जरिए देश में लाया गया था।
डीआरआई के अनुसार, पिछले तीन हफ़्तों के दौरान देश भर में विभिन्न ऑपरेशन्स में लगभग 123 किलोग्राम सोना और 10 किलोग्राम चांदी जब्त की गई है, जिसकी कुल कीमत 187 करोड़ रुपये से अधिक है। इस अवधि में सोना तस्करी के आरोप में कुल 58 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। विभाग का कहना है कि ये अभियान संगठित तस्करी नेटवर्क को तोड़ने और सामान छिपाने के नए एवं जटिल तरीकों का पता लगाने की उनकी प्रतिबद्धता को दर्शाते हैं।



