डीआरआई और बीएसएफ की बड़ी कार्रवाई: बांग्लादेश से तस्करी कर लाया गया 17 करोड़ का सोना जब्त
राजस्व आसूचना निदेशालय (DRI) और सीमा सुरक्षा बल (BSF) ने संयुक्त अभियान चलाकर पश्चिम बंगाल और बिहार से लगभग 12 किलो विदेशी सोना बरामद किया है।

राजस्व आसूचना निदेशालय (DRI) ने सीमा सुरक्षा बल (BSF) के साथ मिलकर भारत-बांग्लादेश सीमा के जरिए होने वाली सोने की तस्करी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है। पश्चिम बंगाल और बिहार में चलाए गए विभिन्न अभियानों के दौरान, सीमावर्ती इलाकों और एक ट्रेन यात्री से कुल मिलाकर लगभग 12 किलोग्राम विदेशी सोना जब्त किया गया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 17 करोड़ रुपये बताई गई है।
पश्चिम बंगाल में 20-21 सितंबर 2026 को बीएसएफ की 161वीं बटालियन के जवानों ने बीओपी गोंगरा इलाके में भारत-बांग्लादेश बॉर्डर रोड के पास से विदेशी मूल के सोने के 27 टुकड़े बरामद किए, जिनका वजन लगभग 3.15 किलोग्राम था। इसके बाद डीआरआई ने सीमा शुल्क अधिनियम, 1962 के प्रावधानों के तहत इसे जब्त कर लिया।
एक अन्य अभियान में 21 सितंबर 2026 को बीओपी महाखोला में तैनात बीएसएफ जवानों ने हाथखोला गांव में एक हैंडपंप के पास छिपाकर रखा गया 24 कैरेट शुद्धता वाला विदेशी सोना बरामद किया। इसके 10 टुकड़ों का कुल वजन लगभग 1.16 किलोग्राम था, जिसे डीआरआई ने सीमा शुल्क अधिनियम, 1962 की धारा 110 के तहत अपने कब्जे में लिया। इससे पूर्व 10-11 सितंबर 2026 को बीओपी पत्थरघाटा इलाके में सीमा बाड़ के पास से 48 सोने की छड़ें (बार) बरामद की गई थीं, जिनका वजन लगभग 5.9 किलोग्राम था।
वहीं पटना में डीआरआई अधिकारियों ने एक ट्रेन यात्री को गिरफ्तार किया है। यात्री ने अपने दोनों पैरों के घुटने के पैड (नी-कैप) में 15 सोने के बार और 4 छोटे कटे हुए टुकड़े छिपा रखे थे, जिनका कुल वजन लगभग 1.71 किलोग्राम था। जांच में यह पुष्टि हुई कि यह सोना बांग्लादेश से तस्करी कर लाया गया था।
ये अभियान बांग्लादेश के रास्ते विदेशी सोने की तस्करी, ढुलाई और वितरण में शामिल नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए डीआरआई और बीएसएफ के निरंतर प्रयासों का हिस्सा हैं।



