ग्रामीण विकास विभाग ने हिंदी पखवाड़ा-2026 के तहत आयोजित की काव्य-पाठ प्रतियोगिता
नई दिल्ली के कर्तव्य भवन में आयोजित इस प्रतियोगिता में विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने अपनी स्वरचित कविताओं का पाठ किया।

ग्रामीण विकास विभाग द्वारा हिंदी पखवाड़ा-2026 के अवसर पर विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है। इसी श्रृंखला में नई दिल्ली स्थित कर्तव्य भवन-3 के उन्नति सम्मेलन कक्ष में एक काव्य-पाठ प्रतियोगिता आयोजित की गई।
इस प्रतियोगिता में विभाग के कई अधिकारियों और कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया और अपनी स्वरचित कविताओं का पाठ किया। कार्यक्रम का संचालन राजभाषा प्रभाग के उप निदेशक श्री राजेश कुमार ने किया। इस अवसर पर राजभाषा प्रभाग के उपमहानिदेशक श्री अल्ताफ़ हुसैन हाजी और उप-सचिव श्री राम चंद्र भी उपस्थित थे। ग्रामीण कौशल प्रभाग के निदेशक और वरिष्ठ कवि एवं लेखक श्री पवन कुमार, आई.ए.एस., ने विशेष आमंत्रित अतिथि के रूप में अपनी काव्य प्रस्तुति दी।
प्रतियोगिताओं में प्रस्तुत कविताओं के मूल्यांकन के लिए तीन सदस्यीय निर्णायक मंडल बनाया गया था। इस मंडल में कवि एवं पत्रकार श्री राज कौशिक, भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के उप महाप्रबंधक श्री दीप शेखर सिंघल और ग्रामीण रोजगार प्रभाग की सहायक आयुक्त श्रीमती दीक्षा सुप्याल बिष्ट शामिल थे। काव्य-पाठ के समापन के बाद निर्णायक मंडल ने विजेताओं के नामों की घोषणा की।
विभाग के अनुसार, हिंदी पखवाड़ा-2026 के अंतर्गत आयोजित ऐसी प्रतियोगिताएं अधिकारियों और कर्मचारियों के बीच राजभाषा हिंदी के प्रति रचनात्मकता और अभिरुचि को प्रोत्साहित करती हैं, साथ ही कार्यालयीन कार्यों में हिंदी के प्रयोग को बढ़ावा देती हैं।


